इंद्री मार्केट कमेटी कार्यालय को ताला लगाने के बाद नारेबाजी करते किसान। संवाद
इंद्री। अनाज मंडी में छह दिन से धान की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने शनिवार को मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। करीब दो घंटे तक किसानों ने धरना देकर नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि वे 27 सितंबर से अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं लेकिन आढ़तियों की हड़ताल और धान में अधिक नमी का हवाला देकर खरीद नहीं की जा रही है।
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे बड़ी संख्या में किसान मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे। खरीद शुरू न होने पर नाराजगी जताई। कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर किसानों ने 11:45 बजे कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। मार्केट कमेटी के सचिव अमित कुमार के समझाने पर भी वे नहीं माने। उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
मार्केट कमेटी अध्यक्ष महेंद्र पंजोखरा ने इंद्री एसडीएम रमन गुप्ता से फोन पर बातचीत कराई। एसडीएम ने शाम 4 बजे तक सभी किसानों के पोर्टल सत्यापित कराने और जल्द खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने दोपहर करीब 1:45 बजे गेट पर लगा ताला खोल दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यापक स्तर पर खरीद शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
मंडी सचिव ने बताया कि हैफेड, हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन और डीएफएससी के माध्यम से खरीद की जा रही है। शनिवार दोपहर तक हैफेड एजेंसी ने 20 क्विंटल धान की खरीद की है।