दुकान में चोरी करते युवक का सीसी टीवी
करनाल। आईटीआई चौक के सामने स्थित श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार का सेंटर लॉक तोड़कर अंदर घुसे चोर गल्ले में रखे करीब 80 हजार रुपये और महंगी चॉकलेट चोरी कर ले गए। सोमवार तड़के की वारदात दुकान के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दुकान संचालक श्रवण के अनुसार, वारदात सुबह करीब 3:50 से 4:15 बजे के बीच हुई। सीसीटीवी की फुटेज में दिख रहा है कि एक बाइक पर तीन नकाबपोश युवक दुकान के बाहर पहुंचे। दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा देखकर एक युवक ने लोहे की रॉड से कैमरे का रुख ऊपर की ओर कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने सेंटर लॉक तोड़ा और शटर उठाकर दो युवक दुकान के अंदर दाखिल हो गए। उनका तीसरा साथी बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का सरिया और प्लास मौके पर ही छोड़ गए। दुकान के बाहर काउंटर के पास एक प्लास्टिक की थैली भी मिली, जिसमें कुछ सिक्के और छोटे नोट थे।
सेक्टर 32-33 थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीनों बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।