मलिकपुर में प्रवासी मजदूर ने गांव के ही एक मजदूर की तेज हथियार से मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मलिकपुर निवासी दरबारा सिंह ने बताया कि बुधवार रात उसकी गन्ने की ट्राली खेत से आते समय रास्ते में फंस गई थी। जिसको निकालने के लिए जगदीश (40) व उसका चाचा नफे सिंह और नन्ना खेत में गए थे। ट्राली निकालने के बाद दो लोग वापस आ गए थे। जबकि जगदीश वहीं रुक गया। जहां किसी बात को लेकर बिहार के गांव रादूपुर निवासी बाबूराम व जगदीश के बीच झगड़ा हो गया। बाबूराम ने जगदीश पर तेज हथियार से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। जिसकी सूचना खेत में काम कर रहे मजदूरों ने उसे दी। सूचना के बाद खेत मालिक व परिजन मौके पर पहुंचे और जगदीश को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया है। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि प्रवासी मजदूर ने गांव मलिकपुर निवासी व्यक्ति को तेज धार हथियार से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई है। प्रवासी मजदूर बाबूराम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हसनपुर रोड पर मिला महिला का शव, हत्या की आशंका
नहीं हो सकी शिनाख्त, मौके पर शराब की बोतलें और शारीरिक संबंधों से जुड़ी सामग्री मिली
घरौंडा। हसनपुर रोड स्थित रजबाहे पर लिबर्टी के क्वार्टरों पास पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। शव लगभग एक माह पुराना बताया जा रहा है। जो कि पूरी तरह क्षत विक्षत हो चुका है। अभी तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटनास्थल के आसपास शराब की बोतलें व शारीरिक संबंधों से जुड़ी सामग्री बिखरी मिली। जिससे महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। वीरवार को खेत मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि लिबर्टी फैक्ट्री के पीछे गड्ढे में महिला का शव पड़ा है। पुलिस ने मजदूरों की मदद से शव बाहर निकाला। एफएसल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को करनाल मर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस का अनुमान है कि महिला का शव लगभग एक माह से गड्ढे में पड़ा हो सकता है। पिछले तीन माह से जितने भी महिला गुमशुदगी के मामले दर्ज हैं। उनके परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त की जा रही है। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि गांव हसनपुर रोड पर रबजाहे से थोड़ी दूरी लिबर्टी क्वाटरों के पीछे महिला का शव होने की सूचना मिली थी। शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए मर्चरी रखवा दिया है।