संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर की शिवाजी कालोनी में शुक्रवार को मजदूरी करने वाले मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी शिवनाथ उर्फ सुनाती (23) ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। युवक ने आत्महत्या उस समय की जब परिवार के सभी सदस्य अपने गांव में उत्तर प्रदेश गए हुए थे। परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
शिवाजी कॉलोनी निवासी सपना ने बताया कि उनके पड़ोस में शिवनाथ उर्फ सुनाती अपने परिवार के साथ रहता था। उनकी माता व दो भाई किसी रिश्तेदार के बीमार होने पर अयोध्या में गए हुए थे। शुक्रवार को शिवनाथ की मां ने उनको कई बार फोन किए। लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मां ने घबराकर उन्हें (सपना) को फोन करके घर जाकर देखने को कहा। लेकिन घर का मुख्य गेट बंद था। उन्होंने ऊपर से जाकर कमरे का दरवाजा खोला तो शिवनाथ को चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल गई। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना परिवार और पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। शव को शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-
2020 में मृतक के भाई ने की थी आत्महत्या
शिवनाथ परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार को उनकी माता और दो भाई गांव गए हुए थे। शिवनाथ ने पीछे से आत्महत्या कर ली। चार भाइयों में से एक भाई ने साल 2020 में भी आत्महत्या कर ली थी। अब शिवनाथ की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर शिवनाथ ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।