करनाल। खेड़ी मानसिंह गांव में एक मकान में शुक्रवार की सुबह शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। धुएं से दम घुटने से मकान मालिक सुशील (45) की मौत हो गई। सभी सामान जलकर राख हो गया। इंद्री थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है।
पत्नी पूजा ने पुलिस को बताया कि आग लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए थे। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर इंद्री थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। इंद्री थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुशील की दम घुटने से मौत हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सुशील घर पर अकेले थे। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। पूरा घर धुएं से भर गया। इस कारण सुशील बाहर नहीं निकल पाए और अंदर ही दम घुटने से उनकी मौत हो गई।