कर्णनगरी का कुंजपुरा रोड एक जुलाई से नो ट्रैफिक जोन हो जाएगा। वाहनों की पार्किंग के लिए जरनैली कोठी पर पार्किंग बनकर तैयार है। केएससीएल के सीईओ/उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने मंगलवार को पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। यहां दयाल सिंह कॉलेज रोड पर मौजूद साइड से वाहनों की एंट्री रहेगी, जबकि कुंजपुरा रोड साइड पर मौजूद रास्ते से निकासी होगी। प्रभारी निरीक्षक (यातायात) को निर्देशित किया गया है कि एक जुलाई से दोनों रास्तों पर कोई वाहन खड़ा न होने दें। पार्किंग का समय दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक रहेगा। कुंजपुरा रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगेगी। दुपहिया वाहनों व एंबुलेंस पर रोक नहीं होगी।
सीईओ ने बताया कि पांच हजार वर्ग मीटर क्षेत्र वाले जरनैली कोठी पार्किंग स्थल पर 200 वाहन आसानी से पार्क हो सकते हैं। इससे कुंजपुरा रोड पर वाहनों की भीड़ नहीं रहेगी। इसके बाद उन्होेंने शहर की ओल्ड अनाज मंडी जाकर पार्किंग स्थल को देखा। कॉन्ट्रैक्टर को निर्देश दिए कि पार्किंग की जगह पर रस्सी या तारबंदी कर लें, जो भी वाहन यहां आएं, उसे पेड पार्किंग में खड़ा करें। यहां करीब डेढ एकड़ पर पार्किंग है, जो मुख्य बाजार के निकट है। इसके बाद उपायुक्त ने शास्त्री नगर में स्मार्ट सिटी के तहत वैष्णो मंदिर से घोघड़ीपुर पुल तक बनाई गई आधा किमी सीसी सड़क और ब्यूटिफिकेशन ऑफ अंडर फ्लाईओवर स्पेस प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया।