करनाल। कनाडा के टोरंटो में फूड डिलीवरी का काम करने वाले जिले के जानी गांव निवासी प्रदीप कुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजन उसका पार्थिव शरीर कनाडा से भारत लाकर अंतिम संस्कार करना चाहते हैं।
इसके लिए प्रदीप के दोस्त अनिल ने आर्थिक सहायता जुटाने का अभियान शुरू किया है।
प्रदीप वर्ष 2022 में 25 लाख रुपये खर्च कर टोरंटो पहुंचा था और वहां के डाउनटाउन क्षेत्र में फूड डिलीवरी ड्राइवर के तौर पर काम करता था।
उसके करीबी दोस्त और रूममेट अनिल ने बताया कि प्रदीप नेकदिल, विनम्र और मेहनती स्वभाव का था। उसकी अचानक मौत से दोस्त भी सदमे में हैं।
परिवार की इच्छा है कि प्रदीप का पार्थिव शरीर भारत लाया जाए, ताकि माता-पिता बेटे के अंतिम दर्शन कर सकें और उसका अंतिम संस्कार कर सकें। कनाडा से शव भारत लाने और अंतिम संस्कार से जुड़े खर्च के लिए अनिल ने लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।