संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। त्रिपुरा के अगरतला में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में देश के 16 राज्यों के स्काउट्स और गाइड्स ने भाग लिया। करनाल की टीम ने हरियाणवी लोकनृत्य और ओवरऑल एकीकरण शिविर में दूसरा स्थान प्राप्त किया। कैंप फायर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान पर रही।
शिविर में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, लोकनृत्य प्रतियोगिता, राष्ट्रीय एकता मार्च, भारत के पर्व एवं त्योहार, कैंप फायर प्रतियोगिता और स्थानीय भोजन प्रदर्शनी आयोजित की गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल त्रिपुरा इंद्रसेन रेड्डी और राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त डॉक्टर केके खंडेलवाल ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए। करनाल पहुंचने पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने शिविर से संबंधित जानकारी साझा की।
हरियाणा की टीम में मुख्य रूप से एसडी गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल करनाल की 9 गाइड्स और पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुंजपुरा के 8 स्काउट्स शामिल रहे। प्रधानाचार्य कीर्ति शर्मा ने बताया कि टीम का नेतृत्व मोनिका गुप्ता ने किया। दिव्या शर्मा और इंदु शेखर ने सहयोग किया।