दो दिवसीय पंखा दंगल में सोनीपत के पहलवानों का दबदबा रहा। छोटी से लेकर
ज्यादातर बड़ी कुश्ती सोनीपत के पहलवानों ने जीतीं। खास बात यह रही कि दंगल
की दोनों बड़ी कुश्तियाें में एकतरफा प्रतियोगिता रही। गुर्ज (गदा) कुश्ती
सोनीपत के सुनील और जींद के मनोज के बीच खेली गई। करीब दस मिनट तक चली इस
कुश्ती में सुनील ने मनोज को चित किया और दंगल के बुर्ज पर कब्जा किया।
विजेता खिलाड़ियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सम्मानित किया।
साथ ही दंगल कमेटी को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। दंगल कमेटी के प्रधान
रामदन कांबोज ने बताया कि दूसरे दिन भी लड़कियों के भी मुकाबले हुए।
सुजाता बड़ौता ने आरती सालवन को हराया। वहीं संजू और सबीना बराबरी पर रही,
शिवानी ने सृष्टि को पराजित किया। हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन की खिलाड़ी
दिव्या ने बबली को हराया।
लड़कों के मुकाबले में मोहित सोनीपत ने मणी कैथल
को चित किया। इसी प्रकार सोनीपत के ही अमित ने संदीप कैथल को एक तरफा 0-10
अंकों से मात दी। दंगल की बड़ी कुश्ती काफी रोमांचक रही। इसमें हरियाणा
पुलिस के जितेंद्र सोहना और सतपाल सोनीपत के बीच टक्कर हुई। दोनों ने एक
दूसरे के दांव काटे और आखिरकार सतपाल विजयी रहे। बता दें कि जितेंद्र सोहना
इंटरनेशनल पहलवान हैं और हाल ही में उन्होंने पुलिस ओलंपिक गेम्स में
गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। दंगल की सबसे बड़ी कुश्ती मनोज निर्जन (जींद)
और सुनील सोनीपत के बीच हुई। दोनों में काफी देर तक बराबरी के अंक हासिल
किए, लेकिन आखिरकार सुनील ने मनोज को चित कर दिया। विजेता खिलाड़ियों को
सीएम ने सम्मानित किया। इस मौके पर ओएसडी अमरेंद्र सिंह, नीरज गुप्ता,
विनोद गोयल, राजेश शर्मा, नवीन बतरा, गौरव वर्मा, रामकिशन, मास्टर मनफूल
सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देगी सरकार : सीएम
दंगल
में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीएम मनोहर लाल ने कहा कि सरकार खेलों के
प्रति गंभीर है और खेलों को बढ़ावा के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।
हमारा प्रयास है कि हर गांव में व्यायामशाला हो, इसके लिए काम शुरू कर दिया
गया है। कम से कम दो एकड़ में गांवों में व्यायामशाला खोली जा रही हैं।
इसमें भी प्रयास किया जाएगा कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा दिया जा सके। सीएम
ने दंगल कमेटी के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले कार्यक्रम
में पहुंचते ही उन्होंने पूरे दंगल मैदान का राउंड लगाया और सभी का
अभिवादन किया।
छोटे पहलवान की कलाबाजियों पर झूमे दर्शक
सहारनपुर
के छोटे पहलवान (आदा) की कलाबाजियों ने पूरे दंगल को झूमा दिया। करीब 3
फुट 10 इंच के इस पहलवान ने चुस्त दुरुस्त कुश्ती का नमूना पेश किया और
सामने वाले पहलवान को कई बार पटकनी दी। छोटे पहलवान के दांव पर तालियां
बजीं और जैसे ही उन्होंने यमुनानगर के गुल्लू पहलवान पर कला जंग दांव लगाया
तो पूरा दंगल झूम उठा। दंगल प्रेमियों ने छोटे पहलवान का खूब हौसलाअफजाई
की, वहीं छोटे पहलवान ने बताया कि उसका कद छोटा है, लेकिन इरादे बड़े हैं।