करनाल। एक वर्षीय मासूम बच्ची को भिक्षावृत्ति के लिए महाबीर दल अस्पताल के सामने भिखारियों के पास छोड़ने की सूचना पर जिला बाल कल्याण समिति ने संज्ञान लिया। शनिवार को समिति के अध्यक्ष उमेश चानना ने बच्ची को बरामद कर उसके पिता और मां के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष चानना ने बताया कि दंपती सदर बाजार के रहने वाले हैं और प्राइवेट नौकरी करते हैं। यह दोनों अपनी बच्ची को महाबीर दल अस्पताल के सामने भिखारियों के पास सुबह-शाम छोड़ आते थे और उसके नाम पर इकट्ठा होने वाला पैसा ले आते थे। जिला बाल कल्याण समिति ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की और बच्ची को बरामद कर श्रद्धानंद अनाथालय में रखवाया है। साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा परिवार से बिछुड़ गया है तो इसकी सूचना 100 नंबर पर या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर अवश्य दें, ताकि बच्चे को उसके परिवार से मिलाया जा सके। इस मौके पर समिति सदस्य निरूपमा सदर, एएसआई संदीप व मुख्य सिपाही विनोद मौजूद रहे।