जिला परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक मित्तल की अध्यक्षता में पंचायत भवन में आयोजित एजेंडा अधिवेशन में कई अहम फैसले लिए गए।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्र की 11 सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा। इनपर करोड़ों रुपये खर्च होंगे।
मनरेगा के तहत जिले में इस वर्ष के लिए नौ करोड़ 63 लाख रुपये की रिवाइज लेबर राशि की स्वीकृति और वर्ष 2014-15 के लिए करीब 22 करोड़ रुपये की लेबर राशि के विकास कार्य करवाने की स्वीकृति दी गई।
जिला परिषद की खाली जमीन को कब्जे में लिए जाने के प्रस्ताव पास किए गए।
शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला परिषद की बैठक में परिषद के अधिकतर सदस्य उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता अशोक मित्तल ने की।
उन्होंने बताया कि बैठक में सबसे पहले पूर्व जिला परिषद के अध्यक्ष अंग्रेज सिंह धूमसी को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्र की 11 सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा।
इनमें मलिकपुर से जबाला व पधाना तक, उपलाना से उपलानी-कारसा डोड से डाचर, घरौंडा से ज्ञानपुरा-कालरो-कैरवाली-अमृतपुर-नगला, मेघा से मेरठ रोड तक, घरौंडा से बड़सत रोड, खेडा-खेड़ी जागीर वाया मुखाली रोड, राजेपुर वाया भादसो लाडवा रोड और नेवल-घीड-गढ़ीबीरबल-मोदीपुर वाया मुगलमाजरा रोड शामिल है।
इसी प्रकार नेवल से गुमथला वाया गढ़ीबीरबल व जीटी रोड से काछवा-सांभली वाया आरओबी तरावड़ी और रायपुर रोडान से वाया भादसों लाडवा रोड, ज्ञानपुरा-चोरा-मुडोगढ़ी रोड शामिल हैं।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी गिरीश अरोड़ा, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज रामफल, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला परिषद के सदस्य डा. सुनील पंवार, गुरुदेव रंबा, सोनिका गिल, प्रदीप कांबोज मौजूद थे।
जिले में बनेंगे 14 राजीव गांधी सेवा केंद्र
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला परिषद के तहत जिले में 14 राजीव गांधी सेवा केंद्र बनाए जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला परिषद की जमीन को खाली करवाया जाएगा और मगलोरा गांव में यमुना के पुछी घाट पर पशुओं के आगमन पर कर लगाने के लिए घाट को ठेके पर दिया जाएगा।
जिला परिषद भवन का होगा नवीनीकरण
अधिवेशन में निर्णय लिया गया कि जिला परिषद के भवन का नवीनीकरण किया जाएगा और इकबाल नाथ कालोनी में जिला परिषद के प्लॉट पर क्षतिग्रस्त पुराने मकानों के मलबे को नीलामी में बेचा जाएगा।