करनाल। अंतरराष्ट्रीय स्तर की मुक्केबाज तमन्ना का बीएसएफ फोर्स (सीमा सुरक्षा बल) में स्पोर्ट्स कोटे में चयन हुआ है। तमन्ना अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का नाम चमका चुकी हैं। इस समय वह दिल्ली के छावला कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी भर्ती सिपाही के तौर पर हुई है।
तमन्ना ने नवंबर, 2025 में बीएसएफ के लिए आवेदन किया था। वह अभी 19 वर्ष की हैं। चिड़ाव गांव की निवासी हैं। पिता विष्णु भी पहलवान रह चुके हैं। दोनों बहनें बाक्सिंग का अभ्यास करती हैं।
तमन्ना ने नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 54 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश की प्रतिद्वंद्वी बबीता को 5-0 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता था। आरईसी खेलो इंडिया नॉर्थ जोन ओपन टैलेंट हंट के सेमीफाइनल में एशियाई युवा चैंपियन तन्नु को हराया था।