हरियाणा के घरौंडा क्षेत्र के अलीपुरा गांव रोड स्थित एक टेक्सटाइल फैक्टरी में मंगलवार सुबह छह बजे भीषण आग लग गई। श्रमिकों ने आग की सूचना मालिक को दी। मालिक ने मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग को सूचित किया। तीन सेंटर से दमकल की सात गाड़ी मौके पर पहुंची।
सभी ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फैक्टरी में धागा, कपड़ों की कतरन और कैमिकल में आग लगी होने के कारण मशक्कत के बाद भी पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका। आग के कारण फैक्टरी की दीवारें तक ढह गईं। आग से करीब पांच करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया है। अभी तक आग के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल रहा।
पानीपत के सेक्टर-18 निवासी सगे भाई हिमांशु गुप्ता और अर्पित गुप्ता ने उनकी गांव अलीपुरा रोड पर कृष्णा टेक्सटाइल के नाम से धागा फैक्टरी है। इसमें कपड़ों की कतरन से धागा और पोलिस्टर फाइबर बनाया जाता है। उनके अनुसार फैक्टरी करीब एक एकड़ में है। केवल ऑफिस पक्का है, बाकी फैक्टरी में लोहे की शेड पड़ी है।
मंगलवार सुबह छह बजे एक श्रमिक का फोन आया कि फैक्टरी में आग लगी है। वह कुछ ही देर में फैक्टरी पहुंचे। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। करनाल, घरौंडा और पानीपत से दमकल विभाग की सात गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सुबह छह बजे से सात गाड़ी 100 से अधिक चक्कर लगाए, लेकिन आग देर रात तक भी सुलगती रही। आग से सभी सामान, मशीनें, पक्का माल जल गया। फैक्टरी की दीवारें तक ढह गई।