माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गिरदावरी के दौरान निलंबित किए गए छह पटवारियों की बहाली की मांग के लिए पटवारियों व कानूनगो ने सोमवार को हड़ताल शुरू कर दी। लघु सचिवालय के सामने धरना देना शुरू कर दिया है। यह बुधवार तक चलेगा। पटवारियों व कानूनगो के धरने पर जाने के कारण जिलेभर में जमाबंदी, इंतकाल, लोन चढ़ाने, एग्रीस्टैक आईडी, गिरदावरी, फर्द निकलवाने जैसे 15 तरह के काम ठप रहे। कुछ जरूरतमंद लोग अपने काम के लिए पटवारियों के धरने पर भी पहुंच गए।
सोमवार को लोग अपने काम के लिए पटवारखानों में इंतजार करते रहे। वहीं पटवारखाने पर ताला लगाकर पटवारी धरने पर चले गए। घंटों इंतजार के बाद काम न होने पर लोगों को निराश लौटना पड़ा। लघु सचिवालय के सामने पटवारियों ने दी पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के जिला प्रधान कश्मीर सिंह ने बताया कि गिरदावरी के दौरान निलंबित किए छह पटवारियों को बहाल करने की मांग रखी गई थी और एसोसिएशन की ओर से सरकार को पटवारियों को बहाल करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।
उन्होंने 31 जनवरी को सांकेतिक धरना भी दिया था लेकिन सरकार नहीं मानी। इसी कारण अब पटवारियों की ओर से 2 से 4 फरवरी तक सांकेतिक धरना दिया जा रहा है। यह धरना सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगा। धरने के दौरान कोई काम नहीं किया जाएगा। सोमवार को हड़ताल से निशानदेही के 12, डोमिसाइल 100, लोन 150, इंतकाल 450 व शिकायतें संबंधित कई कार्य प्रभावित हुए।
ये मांगें भी रखीं
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि पटवारियों की तर्ज पर कानूनगो को तीन इंक्रीमेंट दिए जाएं। इसकी फाइल चल रही है, मगर अब तक नहीं दिया गया है। निशानदेही कार्य के लिए रोवर का प्रशिक्षण दिलाया जाए।
-
धरने पर पहुंचे गांव संगोहा के लोग
गांव संगोहा के कंवलजीत सिंह और सुखदेव सिंह अपने काम के लिए पटवारियों के धरना स्थल पर ही पहुंच गया। उन्होंने बताया कि कृषि उपकरण की सब्सिडी के लिए उनकी फाइल चल रही है। इस पर पटवारी की तस्दीक की जरूरत है। इसके लिए वे पिछले चार दिनों से चक्कर काट रहे हैं। बुढ़ाखेड़ा के कार्यालय में भी पटवारी नहीं मिले। इसलिए वे जिला सचिवालय पहुंचे। यहां धरना स्थल पर भी पटवारी नहीं हैं। अन्य पटवारियों ने भी काम से मना कर दिया है।
इंतकाल नहीं चढ़ा, वारिसनामे की रिपोर्ट नहीं हुई
- तरावड़ी के रामकुमार ने बताया कि उन्होंने वारिसनामा की रिपोर्ट करवानी थी मगर पटवारियों की हड़ताल के कारण कार्य नहीं हो पाया। इस वजह से उनकी लाल डोरे की रजिस्ट्री का कार्य अटका है। सदर बाजार के अशोक ने बताया कि शिव कॉलोनी में उन्होंने मकान लिया है। उन्होंने इंतकाल अपने नाम करवाना है। हड़ताल के कारण उनका कार्य नहीं हो सका।