संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पूरे प्रदेश में कैथल जिला प्रथम रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में इस उपलब्धि पर प्रशासन को बधाई दी।
इसके बाद अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुशील कुमार ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में समाधान शिविर, सीएम विंडो, जनसंवाद, सीपीग्राम और एसएमजीटी पोर्टलों पर लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निपटान के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही शिकायतें सुनकर उनका समाधान करते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने विकास एवं पंचायत, एचएसवीपी, नगर परिषद, राजस्व, जन स्वास्थ्य, सिंचाई, समाज कल्याण, लोक निर्माण, कृषि सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निपटान करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित किया जाए और उन्हें की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाए।