मधुबन थाना क्षेत्र में वीरवार को बसताड़ा के पास ट्राले और जीप की टक्कर में दो मशरूम व्यापारियों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल जीप चालक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मरने वाले दोनों ही व्यापारी जालंधर के रहने वाले हैं और दोनों व्यापारी गन्नौर से मशरूम का फार्म देखने के बाद लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जालंधर के न्यू शीतल नगर में रहने वाला निर्मल सिंह (38) अपने पार्टनर अंबेडकर नगर निवासी श्रीराम (33) के साथ लुधियाना में सब्जी और मशरूम का काम करता था। दोनों बुधवार को जीप से गन्नौर में मशरूम का फार्म देखने के लिए आए थे।
देर रात पंजाब लौटते हुए उनकी जीप बसताड़ा के पास ट्राले से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि जीप ट्राले में फंस गई और निर्मल सिंह और श्रीराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जीप चालक त्रिलोक चंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रामा में दाखिल कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक होेने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। मधुबन पुलिस ने जसवंत सिंह की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिए हैं।
-------------------------------------------------
वाहन की चपेट में आया बाइक सवार, मौत
घरौंडा के समीप घरौंडा निवासी अश्वनी (33) रात करीब नौ बजे कोहंड से अपनी केमिस्ट की दुकान बंद करने के बाद बाइक से घरौंडा की ओर लौट रहा था। घरौंडा के पास अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अश्वनी को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। पुलिस ने मृतक के पिता डॉ. सतबीर सिंह के बयान दर्ज किए हैं।
---------------------------------------
करेंट से मजदूर की मौत
करनाल। नमस्ते चौक के पास सेक्टर तीन में वीरवार को नाली की सफाई करने के दौरान करेंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला करीब नितिन कुमार (24) नमस्ते चौक के समीप मोंगा मोर्ट्स पर मजदूरी करता था।
नितिन सेक्टर तीन स्थित फैक्टरी में अपने मामा के पास रहता था। बुधवार रात तेज बारिश होने के कारण फैक्टरी की नाली में फंसी गंदगी को निकालने के लिए उसने लोहे की लंबी पाइप जैसे ही नाली में डाली तो पाइप का ऊपरी सिरा साथ ही लगती बिजली की तारों से टकरा गया और झुलसने से उसकी मौत हो गई। सेक्टर चार चौकी प्रभारी हुकम सिंह ने बताया कि नितिन के परिजनों को सूचित किया गया है।
गिरने से युवक की मौत
जाटो गेट के पास गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जुंडला गेट का रहने वाला संजीव सैनी (29) बुधवार की रात करीब आठ बजे घर से निकला था।
करीब साढ़े नौ बजे संजीव को पड़ोसी प्रदीप को वह जाटो गेट के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला। प्रदीप उसे उपचार के लिए अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सबइंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि संजीव की मौत सीने में चोट लगने से हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता भारत भूषण के बयान पर कार्रवाई करने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
ट्रेन से गिरने से युवक की मौत
करनाल। अलग- अलग घटनाओं में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकाें की मौत हो गई। कुरुक्षेत्र के गुरुनानक पुरा का रहने वाला कपिल (25) बुधवार को अपनी ससुराल करनाल के हांसी रोड स्थित वाल्मीकि बस्ती में आया था। देर शाम कुरुक्षेत्र जाने के लिए कपिल जैसे ही ट्रेन में चढ़ने लगा, उसी समय ट्रेन चल पड़ी और कपिल का हाथ ट्रेन से छूट गया और गिरने से उसकी मौत हो गई।
दूसरे हादसे में अंबाला की ओर जाने वाली ट्रेन की चपेट में आने से घोघड़ीपुर फाटक के समीप एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पहचान के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। जांच अधिकारी सोमनाथ ने बताया कि मृतक की आयु 30 वर्ष, मृतक ने काल रंग की जैकेट, हरे रंग की कमीज सफेद लाइन वाली व क्रीम रंग की पैंट पहनी हुई है।