करनाल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने रंबा से संगोहा रोड पर एक अवैध कॉलोनी में पुलिस बल के साथ जाकर तोड़फोड़ की। यहां करीब 10.5 एकड़ जमीन पर बड़ी कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां सीवर नेटवर्क, सड़कों व चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया गया।
डीटीपी सतीश कुमार को जानकारी मिली थी कि रंबा-संगोहा मार्ग पर एक बड़े भूभाग पर बिना किसी स्वीकृति के अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही है। कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सदर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और कॉलोनी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कॉलोनी की सभी सड़कें, सीवर नेटवर्क, चहारदीवारी आदि को जेसीबी से तोड़ दिया गया। कॉलोनाइजर को चेतावनी दी कि भूमि के टुकड़े यदि बेचे गए हैं, तो संबंधित को उनका धन तत्काल वापस करें, अन्यथा उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।