इजराइली राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन ने सब्जी उत्कृष्टता केंद्र को चिट्ठी लिख अपनी विजिट को लेकर प्रसन्नता जाहिर की है। जिसमें उन्होंने अपने भारत दौरे के दौरान सब्जी उत्कृष्टता केंद्र पर बिताए पलों को यादगार बताया है। इसके साथ ही उन्होंने दोनों देशों के मजबूत संबंधों को लेकर भी खुशी जाहिर की है।
गौरतलब है कि 18 नवंबर, 2016 को इजराइल के राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन ने भारत भ्रमण के तहत सब्जी उत्कृष्टता केंद्र का दौरा किया था। केंद्र के हाईटेक ग्रीन हाउस में मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने केंद्र की तकनीकों को इजराइली तकनीकों से भी बेहतर बताया था और केंद्र के विशेषज्ञों की प्रशंसा की थी। इसके बाद राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन ने सब्जी उत्कृष्टता केंद्र में बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. सत्येंद्र यादव को लिखे पत्र में विजिट को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इजराइली राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन ने पत्र-व्यवहार कर देश का सम्मान बढ़ाया है। राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन ने दोनों देशों के बीच वर्ष 2009 से चले आ रहे संबंधों को मजबूती प्रदान करने का काम किया है। उन्होंने लिखा है कि दोनों देशों ने अपने प्रयासों और अनुभवों के जरिये अच्छी गुणवत्ता व अधिक उत्पादन कर प्रकृति के स्त्रोतों को बचाने का काम किया है और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रयासों के लिए राष्ट्रपति रिवलिन ने केंद्र को शुभकामनाएं भी दी हैं।