संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छता अभियान के तहत अब शहर की हर सड़क और गली को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। सड़कों और गलियों में दुकान, घर, कार्यालयों, होटल आदि के बाहर कुछ भी सामान रखा मिला उसे जब्त किया जाएगा। इसके लिए रोजाना रात को 10 बजे से 12 बजे तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी नगर निगम के स्पेशल ऑफिसर (सेनिटेशन) अनिल कुमार यादव (एचसीएस) ने दी।
उन्होंने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी दुकान और घर के बाहर सड़क या गली में कोई भी सामान जैसे रेहड़ी, बोर्ड, पुराना मेज, कुर्सी, सरिया, गार्डर, ईंट, रेत, बजरी आदि को स्वयं उठा कर अपने घर या अन्य स्थान पर रख लें। निर्माण कार्य खत्म होने के बाद भी यदि निर्माण सामग्री सड़क या गली में पड़ी है तो उसे भी उठा ले।
यदि निगम को कुछ भी सामान सड़क या गली में मिला तो उसे जब्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने के लिए निगम अनेक प्रयास कर रहा है।
शहर में विशेष सफाई, अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़कों के डिवाइडर को सुंदर बनाने व हर नाले व नाली की सफाई करने का कार्य किया जा रहा है।
शहर को कचरा मुक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आमजन से अपील है कि सभी हरियाणा सरकार द्वारा चलाए गए हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करे। की अपील की। स्पेशल ऑफिसर अनिल यादव ने कहा कि वह खुद हर सड़क, गली, पार्क आदि का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान लगातार चलता रहेगा।