जानी रोड स्थित श्रीकृष्ण गोपाल गोशाला में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जुंडला। जानी रोड स्थित श्रीकृष्ण गोपाल गोशाला में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रवचन करते हुए देवी राधे प्रिया ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा श्रवण करने मात्र से ही मानव जीवन में एक जन्म नहीं अपितु कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ हमारे शुभ कर्मों का उदय होता है।
भागवत के शुभारंभ अवसर पर शुकदेव का जन्म, गणेशादि पूजन श्रीमद्भागवत कथा महात्म पर वृतांत सुनाते हुए देवी राधे प्रिया ने कहा कि वक्ता व श्रोता को कुछ नियमों का पालन करते हुए सात दिन तक फलाहार लेकर कथा श्रवण करनी चाहिए। इससे कथा श्रवण करने में नींद जैसे विघ्न से बचा जा सकता है। सुबह जल्दी उठ करके भगवान की आराधना करनी चाहिए। कथा को हमेशा पालिथी मारकर सुनें।
देवी राधे प्रिया ने बताया कि कथा में जितने भी उत्सव राम जन्म उत्सव, श्रीकृष्ण जन्म उत्सव व वामन उत्सव को श्रद्धाभाव के साथ मनाना चाहिए। एक बार भगवान शंकर मां पार्वती को अमर कथा सुना रहे थे, उसी दौरान एक तोता चोरी से अमर कथा सुन लेता है इससे भगवान शंकर क्रोधित हो जाते हैं इसने कथा तो सुनी, लेकिन बिना विधि के सुनी जो शास्त्र की चोरी के समान है। शंकर जी तोते को मारने को दौड़ते हैं मगर तोता कैलाश पर्वत से उड़ता हुआ बद्रीनाथ धाम में आ जाता है उसी समय वेद व्यास जी की पत्नी झबाई लेती हैं तो तोता उनके मुख के रास्ते गर्भ में प्रवेश कर जाता है।
इस अवसर पर गो मनीषी गोपाल गोस्वामी, गोशाला के चेयरमैन कृष्ण मुरारी सिंगला, प्रधान राजेंद्र मोंगा, सरपंच कृष्णा देवी, नंबरदार सतीश नरवाल, बीडी. सिंगला, बलबीर भोला, राजाराम नरवाल, सुभाष रोड, जोगीराम शर्मा, संजय रोड, अशोक नरवाल, बलवान कतलाहेड़ी, रिंकू धमीजा, इंजीनियर सतीश शर्मा आदि उपस्थित थे।