- मोबाइल शोरूम पर फायरिंग का मामला, पुलिस का दावा- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दी जा रही दबिश
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के चार चमन मार्केट में मोबाइल शोरूम के बाहर हुए हवाई फायर और रंगदारी मामले में पुलिस की ओर से छह जांच टीमें बनाई गई हैं। जो कि तीन दिनों से मामले की जांच में जुटी हैं। लेकिन वीरवार शाम तक भी कार्रवाई शून्य है। अभी तक वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। मिले इनपुट के आधार पर कई जगहों पर अलग-अलग टीमों ने दबिश भी दी है। इधर, वारदात के बाद से दुकानदार खौफ में हैं। हालांकि पुलिस की ओर से यहां पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बाजार में हुई दो जगह नाकाबंदी पर संदिग्ध लोगों एवं वाहनों को रोककर जांच की जा रही है।
सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे मोबाइल शोरूम के बाहर दो बदमाशों ने दो हवाई फायर करके शोरूम के अंदर एक पर्ची फेंककर भाग गए थे। पर्ची के माध्यम से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। इसके बाद दुकानदार को व्हाट्सएप पर भी कॉल आया। बाइक पर आए दो बदमाशों ने मोबाइल की दुकान के बाहर दो फायर किए। जबकि उनका तीसरा फायर करने का प्रयास विफल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस को गोलियों के दो खोल भी बरामद हुए थे।
उसी रात मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गंगाराम पूनिया ने तुरंत छह जांच टीमों का गठन कर दिया था। ये टीमें अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई हैं। पुलिस मौके की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले चुकी है। एसपी गंगाराम पूनिया का कहना है कि आरोपियों की बाइक के नंबर से भी पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। टीमें अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही हैं।