संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-6 निवासी ऑयल मिल संचालक साहिल (25) की संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस जांच कर रही है। मामले में उसके दोस्तों व संदिग्धों से पूछताछ जारी है। वहीं पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
मृतक के पिता कुलदीप शर्मा ने उसके दो दोस्तों अक्षित और अजय पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया था। वहीं सिविल लाइन थाना पुलिस ने साहिल की कार और दोस्तों की बाइक को कब्जे में लिया हुआ है। एक दोस्त को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे भी पूछताछ की जा रही है।
शुक्रवार शाम को 5:45 बजे उनके घर पर साहिल के दो दोस्त अक्षित और अजय आए थे। उन्होंने अपनी बाइक साहिल के घर पर छोड़ दी थी और उसकी गाड़ी में ही सवार होकर साहिल सहित तीनों घूमने चले चले गए थे। मृतक के पिता के पास शुक्रवार रात को करीब 10:50 बजे फोन करके अजय ने बताया था कि साहिल की तबीयत ज्यादा खराब है। इसलिए वह उसे सिविल अस्पताल लेकर आए हैं। जब रात को परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर देखा तो साहिल मृत पाया गया। पिता कुलदीप शर्मा ने आरोप लगाया था कि उसके बेटे की हत्या अक्षित और अजय ने की है। पिता ने आरोप लगाया था कि साहिल की बाजू में टीका लगाने के निशान थे और बाजू भी नीली हुई थी। पिता का आरोप था कि उसके बेटे को जहर दिया गया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने पिता की शिकायत पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस मृतक के दोस्तों व संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता लग पाएगा। अभी जांच की जा रही है। -रामलाल, थाना प्रभारी, सिविल लाइन थाना, करनाल