करनाल। जिला सचिवालय में वीरवार को समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में समाधान शिविरों में लंबित शिकायतों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग, पंचायत विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम सहित अन्य विभाग को भी लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों में शिकायतों के निवारण की रिपोर्ट के लिए अलग से अधिकारी की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। सचिव सुधीर ने वीसी के जरिये अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आई शिकायतों को कम से कम अस्वीकार करें और जिन शिकायतों का निवारण हो जाता है, उसकी जानकारी शिकायतकर्ता को जरूर दें ताकि पोर्टल पर शिकायत रि-ओपन न हो। बैठक में नगराधीश मोनिका, जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार, डीएसपी राजीव कुमार, डीडीपीओ कंचन लता, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो