संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मिशन बुनियाद के तहत पहले चरण की परीक्षा शुक्रवार को जिलेभर में संपन्न हुई। सुबह 11:30 बजे एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच के बाद विद्यार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। 13 परीक्षा केंद्रों पर 3460 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा हरियाणा बोर्ड के नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई, जिसमें विद्यार्थी निर्धारित समय से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचे। 4112 छात्रों ने पंजीकरण कराया था जबकि 652 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक रहा, जबकि विद्यार्थियों ने 11:30 बजे तक अपने-अपने परीक्षा कक्षों में प्रवेश कर लिया था। केंद्रों पर अनुशासन और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं, जिससे विद्यार्थियों ने बिना किसी दबाव के परीक्षा दी। नोडल अधिकारी एवं विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी, ताकि प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाएं। केंद्र पर पहुंचे विद्यार्थियों का कहना है कि इस परीक्षा को वे पास कर आईआईटी, मेडिकल, एनटीएसई और विभिन्न छात्रवृत्ति परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर पा सकते हैं।
अब परिणाम के इंतजार में विद्यार्थी
राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए मिशन बुनियाद प्रतियोगी परीक्षा नि:शुल्क कराई जाती है। योजना के तहत विद्यार्थियों को 16 दिसंबर तक आवेदन का मौका दिया गया था जिसमें 4112 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। 18 दिसंबर को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। पहले चरण की परीक्षा पहले 24 दिसंबर को होनी थी, लेकिन सेट परीक्षाओं के कारण डेटशीट में बदलाव करते हुए 26 दिसंबर की तारीख निर्धारित की गई। पहले चरण की परीक्षा का परिणाम 20 जनवरी को घोषित किया जाएगा। उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी दूसरे चरण की परीक्षा देंगे।
दूसरे चरण के बाद होगा अंतिम चयन
पहले चरण में सफल विद्यार्थियों को अब दूसरे चरण की परीक्षा देनी होगी। दूसरे चरण में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों का ही बुनियाद मिशन के तहत अंतिम चयन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञ संस्थान द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके साथ ही अध्ययन सामग्री, वर्दी और यातायात जैसी सुविधाएं भी विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पूरी योजना हरियाणा शिक्षा विभाग की पहल पर संचालित की जा रही है।
सभी प्रश्न सिलेबस के अंदर से आए
मेहमूदपुर से पीएमश्री जीएसएसएस स्कूल में परीक्षा देने आई राधिका ने कहा कि सभी प्रश्न आठवीं के सिलेबस के अंदर से आए। पेपर गणित का था और समझ पर आधारित था। रट्टा लगाया काम नहीं आया बल्कि समझ का इस्तेमाल करना पड़ा। अगर पास हो गई तो दूसरे चरण की परीक्षा के लिए और मेहनत से पेपर की तैयारी करूंगी।
सभी 50 प्रश्नों के दिए उत्तर
नगला से परीक्षा देने आई राधिका ने बताया कि पहली बार कोई प्रतियोगी परीक्षा दी है। आठवीं का सारा गणित आया था। पेपर में आए सभी 50 प्रश्नों के उत्तर दिए। सवाल हमारे स्तर के थे, बस ध्यान और सोच जरूरी थी। बुनियाद मिशन से हमें सही दिशा मिल रही है, जिससे भविष्य की तैयारी आसान होगी।
फार्मूलों का अधिक इस्तेमाल था
पूर्वी ने बताया कि पेपर मिला जुला गया। प्रश्न सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं थे, बल्कि फार्मूलों का अधिक इस्तेमाल था। गणना करने में थोड़ी मुश्किल हुई क्योंकि उसमें थोड़ा समय लगता है। अगर सभी चरणों में पास हो गई और नि:शुल्क कोचिंग मिली तो डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हूं।
परीक्षा के लिए पूरा समय मिला
आनंद विहार से परीक्षा देने आई अंशिका ने बताया कि परीक्षा शांत माहौल में हुई और हमें पूरा समय मिला। इसलिए बिना घबराए पेपर दे पाई। बुनियाद मिशन परीक्षा परिवार के लिए काफी सहायक साबित हो सकती है अगर इसे पास कर छात्रवृत्ति मिल जाए तो बड़ा लक्ष्य हासिल कर पाऊंगी।
पेपर संतुलित और समझ पर आधारित आया
भीम नगर से परीक्षा देने आई अनुराधा ने कहा कि पेपर संतुलित था और समझ पर आधारित था। मुझे पूरा विश्वास है कि यह योजना हमारे भविष्य को मजबूत बनाएगी। पहले चरण में तो पास होने के पूरे आसार लग रहे हैं जिस हिसाब से पेपर गया है। इससे सबको बराबर मौका मिल रहा है।