घरौंडा में नेशनल हाईवे पर शनिवार को कोहंड के मंदिर से थोड़ा पहले एक कार, ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे जा घुसी। इससे मौके पर ही कार चला रहे एएसआई की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी व दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को नाजुक हालत में घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान साहब सिंह के रूप में हुई है। सांपला के नपा के चेयरमैन प्रवीन कोच का चचेरा भाई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को भी कब्जे में ले लिया है। गुड़गांव पुलिस में तैनात एएसआई सांपला निवासी साहब सिंह अपनी कार में अपनी पत्नी गीता, मंजीत और बलराज के साथ चंडीगढ़ से सांपला जा रहा था।
मंगलवार की रात करीब साढे़ सात बजे जैसे ही उनकी गाड़ी कोहंड के फ्लाईओवर से नीचे उतरी, सामने से एक ट्रैक्टर गलत दिशा से रोड क्रॉस करने लगा। ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में कार ट्राली के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बाद में ट्राली में सवार लोगों ने ही गाड़ी को ट्राली के नीचे से निकाला। इस हादसे में कार चला रहे दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी गीता व दोनों बच्चे मंजीत व बलराज गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बाद में सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नाजुक हालत में पहले घरौंडा, फिर मेडिकल कॉलेज करनाल भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो हादसों में दो की जान गई
करनाल में अलग-अलग दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहली घटना गुढ़ा गैस प्लांट के पास हुई, जहां एक बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पानीपत रिफाइनरी में काम करने वाला 24 वर्षीय हरिमोहन वासी बेगमपुर सोमवार रात काम से घर लौट रहा था। कोहंड के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी घटना बरसत जीटी रोड पर हुई, जहां बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार संजय नगर के रहने वाले नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गुरप्रीत सिंह घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
आरोपी की पहचान मुंडो गढ़ी के रहने वाले के रूप में हुई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। सुबह के समय संजय नगर के रहने वाले दो चचेरे भाई अपने निजी काम के सिलसिले में डेरा बलौलपुर में जा रहे थे। बरसत जीटी रोड पर पहुंचने पर एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इससे दोनों सड़क पर जा गिरे और नवजोत ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। लहूलुहान हालत में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गुरप्रीत घायल हो गया।
छठे दिन भी शिक्षकों ने रखा बहिष्कार
करनाल में हरियाणा स्कूल प्राध्यापक संगठन से संबंधित करनाल के सभी प्राध्यापकों ने रोष स्वरूप छठे दिन भी मार्किंग कार्य का बहिष्कार किया। संगठन की बैठक में प्राध्यापकों ने चेताते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्राध्यापक सतबीर सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से संघर्ष तोड़ने के सभी प्रयासों को दरकिनार करते हुए सभी प्राध्यापकों ने अपनी एकता का परिचय दिया और संघर्ष को मजबूती प्रदान की है। इसके लिए सभी प्राध्यापक बधाई के पात्र हैं।
इस दौरान प्राध्यापकों ने प्रारंभिक ग्रेड पे 5400 रुपये प्रदान करने, सभी पीएचडी व एमफिल डिग्रीधारकों व प्राध्यापकों को कॉलेज कैडर में पदोन्नत करने, प्रधानाचार्य पद पर शत प्रतिशत पदोन्नति प्राध्यापक वर्ग से करने सहित अन्य मांगों को पुरजोर ढंग से उठाया है।
मौके पर रामपाल, हरिशंकर शर्मा, बीर सिंह राणा, सतीश गौतम, बलवंत सिंह, रामपाल शर्मा, अनिल बाल्यान, मीनू सलूजा, वीनता, नीलम मलिक, राजेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, मनोज कुमार, शेर सिंह, ओमप्रकाश, राजेश मलिक, विनोद शर्मा व विजय मौजूद रहे।
खनन माफिया के खिलाफ नारेबाजी
इंद्री क्षेत्र के लोगों ने खनन माफिया और पुलिस की मिलीभगत के आरोप में मंगलवार को जमकर नारेबाजी की। खनन माफिया के हौसले इतने बुलंद है कि वो पुलिस को सूचना देने वालों पर सरेआम हमला किया जाता है। इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है।
गांव चौगांवा के ग्रामीणों ने पुलिस पर खनन माफियाओं के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर ग्रामीण खनन माफिया की सूचना पुलिस को देते हैं तो पुलिस वह खबर खनन माफिया तक पहुंचा देती है। बाद में ये लोग सूचना देने वालों के साथ मारपीट करते है।
चौगांवा के ग्रामीण जसवंत, गुलाब सिंह, मंगल सिंह, सुभाष, जसबीर, रिसाली देवी, रेशमा, पिंकू, मुकेश, सतपाल, प्रकाशो, सरोज, रोशनी व पूर्णी सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि कुछ खनन माफिया यमुना नहर से रेत निकालने का काम जोरों से कर रहे हैं।
बीती दस नवंबर को गांव के जसवंत ने इनकी सूचना पुलिस को दी थी। माफिया ने जसवंत को निशाना बनाते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई की और पुलिस को दोबारा सूचित करने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना इंद्री पुलिस में भी मामले की शिकायत की गई, परंतु कोई कार्रवाई नहीं होने के पश्चात मामले की शिकायत एसपी शशांक आनंद की की गई है।
थाना प्रभारी अनिल कुंडू ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है, जो भी इस मामले में दोषी होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खनन माफिया और पुलिस की मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।