गांव रांवर में हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल नरेंद्र कुमार ने तीन सप्ताह बाद चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने के आरोप लगा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे डीएसपी ने ग्रामीणों को समझाया। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने आठ हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है वहीं दो को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मृतक की भांजी के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की थी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
30 अप्रैल को की थी मारपीट
गांव रांवर निवासी नरेंद्र कुमार (38) बीती 30 अप्रैल को अपने घर के नजदीक गोगा मेड़ी के पास बैठा था। पुलिस में शिकायत के मुताबिक, एक स्कॉर्पियों गाड़ी उसके सामने आकर रुकी और सात-आठ लोग लाठी डंडों व लोहे की रॉड के साथ उतरे और नरेंद्र पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंचे नरेंद्र का भाई व पिता बीच बचाव करने लगे तो हमलावरों ने उन्हें भी लाठी-डंडों से पीट दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में नरेंद्र को करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर हालत ज्यादा खराब होने के कारण चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। दो मई को पुलिस ने नरेंद्र के बयान पर आठ लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। जिनमें रिंकू, हरदीप, नरेश वासी नगला फार्म, डोठी वासी गामड़ी, भुकर वासी घरौंडा, रिंकू वासी घरौंडा, शीशन व शुभम वासी रांवर के नाम शामिल हैं।
पुलिस पर ढिलाई के आरोप
पुलिस के मुताबिक, करनाल से रेफर होने के बाद नरेंद्र का इलाज चंडीगढ़ पीजीआई में चला। जहां पर उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक का शव गांव में पहुंचा तो परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने के आरोप लगाए। परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना के बाद मौके पर पहुंचें डीएसपी जय सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और शव का दाह क्रम किया ।
रांवर गांव में नरेंद्र की मौत के मामले में निर्मल व नरेश नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है। सभी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जय सिंह, डीएसपी