डिजिटल डिस्पले दिखाकर सीएम को जानकारी देते मंत्री अनिल विज। प्रवक्ता
अंबाला। 700 करोड़ रुपये की लागत से छावनी के जीटी रोड पर बने शहीद स्मारक के उद्घाटन में अब कुछ ही समय शेष रह गया है।
सीएम नायब सैनी ने वीरवार को एक-एक गैलरी का अवलोकन किया। उनके साथ ऊर्जा मंत्री अनिल विज व शहीद स्मारक निर्माण से जुड़े अधिकारी रहे।
सीएम ने अवलोकन के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यहां आजादी की लड़ाई से जुड़े वीरों से जुड़ी जो भी जानकारी प्रस्तुत की जाए वह प्रामाणिक हो। ऐसा कराने से आगे की पीढ़ियों को इतिहास की प्रमाणिकता के बारे में पता चलेगा। वहीं शोध करने वालों के लिए लंबे समय तक यह सामग्री उपयोग में आती रहेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा को समर्पित आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक देशभक्ति, शौर्य और बलिदान का अद्भुत प्रतीक होगा। इस स्मारक का कार्य अब अंतिम चरण में है। इस निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, इतिहासकार, डिजाइन विशेषज्ञ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।