इसी वजह से नीरज समेत प्रदेश के कई एथलीट सुविधाओं की कमी से हमेशा जूझते रहे। ऐसे में वर्ष 2016 में सेना में भर्ती होने के बाद नीरज चोपड़ा के खेल और उसके सपनों को सेना ने पंख लगाए और बुलंदी की उड़ान नीरज ने भरी। सेना ने नीरज को खेल के लिए हर स्तर पर प्रोत्साहन दिया और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशिक्षण व सुविधाएं भी मिलती रही। नतीजतन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर नीरज ने देश का नाम रोशन कर दिया है।
नीरज की उपलब्धि पर सेना का जोश ‘हाई’
नीरज चोपड़ा की उपलब्धि पर सेना का जोश ‘हाई’ है। सेना के सभी रैंक के सभी अफसरों व जवानों ने सोशल मीडिया पर सूबेदार नीरज चोपड़ा को बधाई दी। नीरज के साथ-साथ पहलवान बजरंग पूनिया को भी कांस्य पदक जीतने पर सेना ने बधाई दी है। सेना की ओर से कहा गया है कि नीरज चोपड़ा ने साबित कर दिया है कि नीरज आज उन सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के स्त्रोत बन गए हैं, जो ओलंपिक में जीत का सपना देखते हैं। आगे कहा जाता है कि सेना पहले से ही आश्वस्त थी कि नीरज बुलंदियों को जरूर छुएगा और आज ओलंपिक में गोल्ड जीता है। राष्ट्र के लिए बड़ा गर्व का विषय है।
नार्दन कमांड की ओर से नीरज को बधाई देते हुए कहा कि नीरज ओलंपिक के मैदान में भी सच्चे सिपाही की तरह लड़ा और जीता। बीएसएफ ने भी नीरज के पदक को देश का गर्व बताते हुए कहा है कि चैंपियन आपने अपने प्रदर्शन से हम सब को गौरवान्वित किया है...जय हिंद। बीएसएफ ने भाला फेंकने वाले नीरज के स्वर्णिम पल का वीडियो भी शेयर किया है। सेना की वाइट नाइट कोर ने कहा है कि सूबदार नीरज चोपड़ा आपको गोल्ड मेडल जीतने पर दिल की गहराइयों से बधाई।