माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। महज सवा घंटे में दो बदमाशों ने पांच दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। छठी दुकान का ताला तोड़ने में वे नकाम हो गए। यह मामला घरौंडा थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर खालसा का है। जहां रात में पुलिस की गश्त भी थी।
पुलिस गश्त के डेढ़ घंटे बाद स्कूटी सवार आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया, जिसकी तस्वीरें दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता अलीपुर खालसा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि रात को आरोपियों ने करीब दो बजे से सवा तीन बजे तक वारदात को अंजाम दिया। जबकि 12.30 बजे पुलिस भी गश्त करके गई थी।
सभी दुकानों से करीब 30 हजार रुपये नकद और सामान पर चोरों ने हाथ साफ किया है। फुटेज के अनुसार, एक आरोपी ने हेलमेट पहना है और दूसरे ने काले कपड़े से मुंह को ढका है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कर्मबीर की साइकिल पेंचर की दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया।