संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के बड़ी पाबनी गांव में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़ किया। यह केंद्र एक बंद पड़े पैलेस में संचालित किया जा रहा था। छापेमारी स्वास्थ्य विभाग के मनोचिकित्सक डॉ. नवीन शर्मा के नेतृत्व में की गई, जिसमें 15 लोगों को मौके से रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किए गए सभी युवाओं का मेडिकल परीक्षण करवाकर उन्हें मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें अधिकांश युवा हैं जबकि केवल एक व्यक्ति की आयु 50 वर्ष से अधिक पाई गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह अवैध केंद्र इसी वर्ष फरवरी से चल रहा था, जिस स्थान पर यह नशा मुक्ति केंद्र संचालित हो रहा था, वह पहले एक पैलेस था। छापेमारी के दौरान केंद्र संचालकों आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
स्वास्थ्य विभाग को केंद्र की सूचना मिलने के बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एडीसी नवीन आहूजा के निर्देश पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया और वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मामले में थाना छप्पर पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से केंद्र संचालकों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र चलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इसके लिए थाना छप्पर पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए शिकायत दे दी गई है।