माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने आईसीएसई कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। करनाल की बेटी नताली इस परीक्षा में अव्वल रही। 97.5 प्रतिशत अंक लेकर परीक्षा पास करने वाली इस बेटी का सपना केमिकल इंजीनियर बनने का है। जबकि अभिभावक बेटी को अफसर बनाना चाहते हैं।
करनाल में आईसीएसई का एकमात्र आदर्श स्कूल है। जिसके कक्षा 10वीं के 42 विद्यार्थियों ने अच्छे अंकों से परीक्षा पास की है। सीआईएससीई ने देश के विभिन्न केंद्रों पर कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 23 मई तक किया था। बोर्ड की ओर से विद्यार्थियों को रिजल्ट रीचेक कराने की सुविधा भी दी गई है। इसके लिए विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट से आवेदन करना होगा। विद्यार्थियों को इसके लिए प्रति विषय एक हजार रुपये का भुगतान करना होगा।
दोनों टर्म के अंक जोड़कर जारी किए परिणाम
सीआईएससीई ने कक्षा 10वीं के परिणाम को टर्म-1 और टर्म-2 दोनों में छात्रों की ओर से किए गए उनके प्रदर्शन के आधार पर तैयार किया है। साथ ही आंतरिक मूल्यांकन के भी अंक जोड़े गए हैं। कोरोना के कारण परीक्षा को दो सत्र में विभाजित कर दिया गया था। आदर्श स्कूल के निदेशक मनसिमर सिंह का कहना है कि इस साल से बोर्ड की ओर से केवल एक ही परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। वहीं, परीक्षा परिणाम से नाखुश छात्रों को कॉपी री-चेक कराने की भी सुविधा दी जाएगी।
सफलता की चार कहानियां
रोजाना छह घंटे की पढ़ाई
97.5 प्रतिशत अंक से टॉप करने वाली नताली के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं और मां सरकारी टीचर है। उनके बायोलॉजी में 100 अंक हैं। नेताली आईआईटी पास करके केमिकल इंजीनियर बनना चाहती है। वह रोजाना छह घंटे खुद पढ़ाई करती थी।
योजना बनाकर की पढ़ाई
96.1 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली महकप्रीत कौर ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों व गुरुजनों को दिया। छात्रा ने बताया कि उसने विषयों की योजना बनाकर पढ़ाई की।
आसान चीजें पहले पढ़ीं
95 प्रतिशत अंक से परीक्षा पास करने वाली अनुष्का राय के अंग्रेजी विषय में 100 अंक है। छात्रा ने बताया कि जो चीज उसे आसान लगती थी, उसे वह पहले पढ़ती थी। तभी सफलता पाई है।
खुद मेहनत कर पाई सफलता
जेसिका मान ने 93.6 प्रतिशत अंक से परीक्षा पास की है। उनका कहना है कि पढ़ाई के दौरान कोई कोचिंग नहीं ली। सिर्फ खुद मेहनत करके सफलता पाई है। शिक्षकों ने उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
ज्यादातर विद्यार्थियों के दो-दो विषयों में शत प्रतिशत अंक
करनाल। कुंजपुरा रोड स्थित आदर्श स्कूल में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शानदार आने पर खुशी मनाई गई। छुट्टी का दिन होने के कारण विद्यार्थियों को फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से बधाई दी गई। चेयरपर्सन हरजीत कौर, प्रबंधक मनसिमर सिंह और प्रिंसिपल एना ने बताया कि नताली ने 97.5 प्रतिशत, महकप्रीत ने 96.1, अनुष्का राय ने 95, अंकित फोगाट ने 94.3, मनदीप कौर व दींपाशु ने 94.1, आदर्श ने 94, जेसिका ने 93.5, वर्णिका ने 93, पार्थ कांबोज ने 91.5, सृष्टि कादियान व सारिका ने 90.1 और कशिश ने 90 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास की है। ज्यादातर विद्यार्थियों ने दो-दो विषयों में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी तरह मेहनत करके आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। ब्यूरो