करनाल। लल्ला की सुनके मैं आई, यशोदा मैया दे दो बधाई, कान्हा की सुनके मैं आई, यशोदा मैया दे दो बधाई... भजन पर श्रद्धालु झूम उठे। मौका था न्यू रमेश नगर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्म का। कथा में जब ब्रह्मचारी भोलानंद महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म की बधाई दी तो सभी ने नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की जयघोष की।
प्रवचन करते हुए भोलानंद महाराज ने कहा कि बिजली का यंत्र मकान की छत्त पर रखी पानी की टंकी में पानी पहुंचाता है और गुरु का दिया हुआ मंत्र प्रभु तक पहुंचता है। हमें हमेशा अच्छे संत का संग करना चाहिए, क्योंकि अच्छे संत ही हमें प्रभु से मिलवाकर हमारे नईया भव सागर से पार करवा सकते हैं। महाराज श्री ने कहा कि हमें हमेशा गरीब कन्या को शिक्षित करना चाहिए क्योंकि वो कन्या शिक्षित होकर दो परिवारों को संभालती है।