करनाल। मैं आपका रिश्तेदार बोल रहा हूं। मेरा एक्सीडेंट हो गया है। पैसों की जरूरत है...। अगर आपके पास भी ऐसी कॉल आए तो सावधान हो जाएं। पूरी जानकारी करने के बाद ही रुपये देने के बारे में सोचें। साइबर अपराधी रिश्तेदार बनकर लोगों को कॉल कर ठग रहे हैं। खुद को रिश्तेदार बताकर भावनात्मक जाल में फंसाते हैं और फिर पैसों की मांग करने लगते हैं। जिले में पिछले 10 महीने में 30 लोग इस तरह से ठगी का शिकार हो चुके हैं।
अधिकतर मामलों में बीमारी या सड़क हादसा होने की बात कहकर खाते में पैसे डलवाए गए हैं। मजबूरी समझकर लोग बिना पुष्टि के ही तुरंत या तो खुद के खाते से पैसे भेज देते हैं या फिर अपने दोस्त या परिचित से डलवा देते हैं। जब ठग की ओर से कोई जवाब नहीं मिलता या नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है तो फिर खुद के साथ ठगी होने का पता चलता है।
कई बार ठग खुद के विदेश में होने की बात कहता है। वहां की पुलिस के पकड़ने या केस में फंसने की बात कहकर पैसे मांगे जाते हैं। इस तरह से साइबर ठगी के मामले साल दर साल बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सावधान रहें। साइबर ठगी का सबसे बेहतर उपाय सजगता और जागरूकता है। संवाद
-
केस नंबर : 1
जानकार के पिता गंभीर हालत में हैं, जल्दी भेजो पैसे
पीड़ित कमल किशोर को 8 अगस्त को मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताया। कहा कि एक जानकार का पिता दिल्ली के अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है, इलाज के लिए तुरंत पैसे चाहिए। कॉल के बाद दूसरे मोबाइल नंबर से फिर व्हाॅट्सएप पर कॉल आई और उन्हें यूको बैंक दिल्ली का खाता नंबर दिया गया। खाता किसी संदीप के नाम पर था। आरोपियों ने कहा कि तुरंत इसी खाते में रुपये भेजने हैं। कमल किशोर ने बातों में आकर अपने करंट अकाउंट से एक लाख रुपये और सेविंग अकाउंट से डेढ़ लाख रुपये एनईएफटी के जरिए खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुल ढाई लाख रुपये भेजने के बाद ठगों ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया।
-
केस नंबर : 2
मेरा एक्सीडेंट हो गया है, 45 हजार रुपये चाहिए
पुलिस के अनुसार नबीपुर गांव निवासी मनीष के पास 22 अक्तूबर को फोन आया था। दूसरी ओर से कहा गया कि मैं आपका रिश्तेदार बोल रहा हूं। मेरा एक्सीडेंट हो गया है। मुझे 45 हजार रुपये की जरूरत है। आरोपी के कहे अनुसार उन्होंने अपने खाते से गुगल पे के माध्यम से कई बार में 45 हजार रुपये बताए गए नंबर पर भेज दिए। बाद उन्होंने आरोपी के पास फोन किया तो उसने कहा कि उसके पास पैसे आ गए हैं, वह खुद थोड़ी देर में कॉल करेगा। इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में नंबर बंद कर लिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की।
-
केस नंबर : 3
भतीजा बोल रहा हूं, कैनेडा में पकड़ लिया है
पुलिस के अनुसार जीत सिंह को भी फोन करके ठगा गया। फोन करने वाले ने खुद को कैनेडा निवासी भतीजा बताया। कहा कि चाचा मुझे यहां पकड़ लिया गया है, इंडिया भेजा जा रहा है। इसलिए मैं एक एजेंट का खाता नंबर दे रहा हूं। उसको साढ़े आठ लाख रुपये भेजने हैं। आरोपी ने कहा कि ये पैसे मैं आपको खुद भेज दूंगा, इसलिए मेरे पापा और भाई को मत बताना। जब जीत सिंह ने खाते में पैसे डलवा दिए, उसके कई दिन बाद भतीजे के पास फोन किया। भतीजे ने बोला उसने ना तो कोई फोन किया और ना ही पैसे मांगे। इस प्रकार उनसे साढ़े आठ लाख रुपये की ठगी हो गई।
सतर्क रहना जरूरी है
साइबर थाना पुलिस प्रभारी संजय बताते हैं कि बढ़ते मामलों को देखते हुए आमजन को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लगातार नए हथकंडे अपनाते हैं। इसलिए हर नागरिक को खुद ही सतर्क रहना होगा। किसी को भी अपना ओटीपी, बैंक जानकारी, एटीएम पिन न बताएं। अजनबी की ओर से भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन न करें न किसी अनजान लिंक पर क्लिक करें एवं उसे शेयर करें। कोई भी व्यक्ति अगर खुद को रिश्तेदार बताकर पैसे मांगे, तो पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करें। फ्री रिचार्ज, ऑनलाइन कमाई, या इनाम जीतने के नाम पर मिलने वाले मैसेज या कॉल से सतर्क रहें।केवल जागरूक होकर ही आप साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकते हैं। कोई संदेह होने पर तुरंत इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी साइबर थाना जाएं।