संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मैं कचरे से भर गया हूं...। कंटेनर यह अलर्ट भेजकर खुद को खाली करवाने के लिए नगर निगम से गाड़ी मंगवा सकता है। समय से कचरा उठने से इसके कंटेनर से बाहर फैलने की समस्या नहीं होगी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तहत आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान और भविष्य की योजनाओं पर इसी के समान रोचक मॉडल प्रस्तुत किए।
शुक्रवार को लगी प्रदर्शनी में कचरे के प्रबंधन से लेकर अंतरिक्ष विज्ञान जैसे कुल 10 विषयों पर विद्यार्थियों ने मॉडल तैयार किए। कचरा प्रबंधन में महक और तमन्ना प्रथम तो अंतरिक्ष विज्ञान में आंचल और सिमरन ने मारी बाजी। प्रतियोगिता में मॉडल, पोस्टर मेकिंग, विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में सतत कृषि, उभरती हुई प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, स्वास्थ्य और सफाई, कचरे का प्रबंध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय में कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 के विद्यार्थियों ने खंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
नोडल अधिकारी एपीसी पवन और जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा ने बताया कि इस विज्ञान प्रदर्शनी में राजकीय विद्यालयों के कुल 252 विद्यार्थियों ने भाग लिया। जजों ने नन्हे वैज्ञानिको के लगाए मॉडलों का अवलोकन किया। नोडल अधिकारी दीपक वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा होता है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसापत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला गणित विशेषज्ञ सुमित मान, सतेंद्र तिवारी, दलीप सिंह, शाहिद, हरीश ग्रोवर मौजूद रहे।
- प्रतियोगिता के परिणाम
कचरा प्रबंधन : रेलवे रोड मॉडल संस्कृति विद्यालय से महक और पधाना स्कूल की ईशा प्रथम
रोल प्ले कृषि : तरावड़ी मॉडल स्कूल से श्रेया और फफड़ाना की तमन्ना प्रथम
उभरती प्रौद्योगिकी : चिड़ाव की नेहा और निसिंग का गगन प्रथम
रोबोट : पीएमश्री कुंजपुरा की तमन्ना, फफड़ाना के प्रिंस और मॉडल स्कूल घरौंडा की इशू प्रथम
अंतरिक्ष विज्ञान : मंगलपुर की आंचल और अलीपुर खालसा की सिमरन प्रथम
स्वास्थ्य व सफाई : बीड़ बड़ावाला का अमनदीप प्रथम
मॉडल : कृषि में सोहना स्कूल के अरमान रहे प्रथम