पति के नशे से परेशान एक पत्नी ने परने से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पति के शव को गली के बाहर ही फेंक दिया। सुबह आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। गले पर निशान देखकर मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई। बाद में मृतक के बच्चों से पूछताछ पर वारदात का खुलासा हुआ। भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कुटेल गामड़ी गांव निवासी मृतक सतीश के भाई सुरेश ने बताया कि भाई और भाभी का अक्सर झगड़ा होता था, क्योंकि उसका भाई शराब पीता था। शुक्रवार देर रात को जब पति सतीश ने शराब के नशे में पत्नी रेखा से खाना मांगा। तब पत्नी ने अपने पति को थप्पड़ मार दिया। इस पर पति बोला कि थप्पड़ से नहीं, बल्कि मेरा गला घोंटकर मार दे। फिर पत्नी ने गुस्से में गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। सुरेश ने बताया कि उसकी भाभी ने हत्या के बाद वारदात में प्रयुक्त परना एक तसले में छुपाया था, जिसे देखकर उन्हें शक हो गया था। इसके बाद बच्चों ने पूछताछ में सारी हकीकत बयां की। बताया कि भाई की शादी को करीब 14 साल हो चुके थे। उसके दो बच्चे हैं, बड़ी बेटी 13 वर्ष सिमरण व बेटा 6 वर्षीय रतन है। सतीश मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। बताया कि भाभी ने भाई के शव को गली में इसलिए फेंका जिससे लोगों को यह लगे कि शराब पीने से उसकी मौत हुई है।
मधुबन थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गांव कुटेल गामड़ी में पत्नी ने अपने पति की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी है। मामले में आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।