कलायत के वार्ड 12 में गिरी मकान की छत। संवाद
कलायत। वार्ड नंबर 12 में दोपहर को अचानक एक मकान की छत कर गिर गई। घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। शांति देवी ने बताया कि वीरवार दोपहर को वे घर में ही बैठी थीं कि अचानक घर की छत भरभरा कर गिर पड़ी। उसने व उसके पुत्र ने किसी तरह से बाहर भाग कर अपनी जान बचाई।
आवाज सुन कर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे सामान को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घर में रखा अधिकांश सामान मलबे में ही दब गया। शांति देवी ने कहा कि उनके व उनके पुत्रों के पास कोई नियमित रोजगार नहीं है। कहीं काम मिलता है तो वे दिहाड़ी कर लेते हैं। अब घर की छत ही नहीं तो वे पूरी तरह से खुले आसमान के नीचे आ गये हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनको मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपने सिर पर छत तो बनवा सकें। वार्ड के पार्षद अमित बेदी ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है और परिवार को आर्थिक सहायता दिलवाने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।
कलायत के वार्ड 12 में गिरी मकान की छत। संवाद