संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। मीनाक्षी अस्पताल में हुई फायरिंग और ओम अस्पताल के डॉक्टर से डेढ़ करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को कस्बे के अस्पताल और मेडिकल स्टोर बंद रहे। लैब एसोसिएशन, आईएमए असंध, फार्मा एसोसिएशन, व्यापार मंडल, डेंटल एसोसिएशन व आरएमपी एसोसिएशन असंध के पदाधिकारियों व सदस्यों ने रोष स्वरूप चिकित्सकों का समर्थन किया।
बाद में सभी चिकित्सक करनाल पहुंचे और सांसद संजय भाटिया, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, उपायुक्त अनीश यादव व पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया से मुलाकात की। उन्होंने संजय बठला को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और फायरिंग करने वाले तथा रंगदारी मांगने वाले बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करवाने और चिकित्सकों को सुरक्षा देने की मांग की। चिकित्सकों ने कहा कि आठ जुलाई को मीनाक्षी अस्पताल पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। अब तक बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फेसबुक पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले बदमाश दलेर कोटिया को विदेश से लाया जाए। यदि बुधवार तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आगामी आंदोलन की रणनीति बनाएंगे।
उपायुक्त ने चिकित्सकों को सुरक्षा का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। जल्द उनके लाइसेंस बनाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने इसके लिए एक दिन का समय मांगा।
मेडिकल एसोसिएशन असंध के प्रधान डॉ. प्रवीन, मीनाक्षी अस्पताल के डॉक्टर संदीप जागलान व ओम अस्पताल के डॉ. राजेश ने बताया आठ जुलाई सुबह करीब 11 बजे मीनाक्षी अस्पताल में तीन नकाबपोश बदमाशों ने करीब 17 से 20 रांउड फायर किए। इसके बाद ओम अस्पताल के डॉक्टर राजेश को फोन करके डेढ़ करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। अब तक एक भी आरोपी पुलिस ने काबू नहीं किया। जिस कारण असंध के डॉक्टर, मेडिकल स्टोर संचालक, दवा विक्रेता, व्यापार मंडल के सदस्य, डेंटल एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य और लैब संचालक खुद को खतरा महसूस कर रहे हैं। मौके पर डॉ. वीरेंद्र शर्मा, डॉ. इंद्रजीत सिंह, डॉ. संदीप सिंधड़, डॉ. बीके बजाड़, नरेंद्र सिंधड़, उदय सिंधड़, दिलबाग, नवीन व अमृत शामिल थे।
इसके अलावा ज्ञापन देने वालों में नेशनल इंटीग्रेटिड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के जिला प्रधान डॉ. अश्विनी राणा, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष डॉ. मंजू चौधरी, डॉ. रेणू भारद्वाज, प्रदेश संयुक्त सचिव डॉ. दिनेश कुमार गौड़, कानूनी प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. प्रवीण गुप्ता, जिला संयुक्त सचिव डॉ. नम्रता शर्मा, खजांची डॉ. कोमल परूथी, डॉ. दीपक परूथी, डॉ. सुभाष लूथरा, डॉ. राजेंद्र गुप्ता, डॉ. अनुपम कुर्ल, डॉ. मुकेश तनेजा, डॉ. मुकेश भाटिया, डॉ. आनंद गोयल व असंध खंड अध्यक्ष डॉ. प्रवीण खोखर मौजूद रहे।