करनाल। कर्णनगरी के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में तीसरी ऑल इंडिया महिला हाॅकी अकादमी चैंपियनशिप की शनिवार को शुरुआत हो गई है। इसमें देशभर की हाॅकी अकादमी से जूनियर व सब जूनियर कैटेगरी की 32 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन आयोजित सब जूनियर कैटेगरी के मैच में हिसार की टीम ने तमिलनाडू की टीम को एकतरफा मुकाबले में मात दी। हिसार की टीम ने कुल 18 गोल किए जवाब में तमिनलाडू की टीम छह गोल ही कर पाई।
दूसरा रोमांचक मुकाबला मारकेंडश्वर अकादमी बनाम पंजाब की राउंड क्लास अकादमी के बीच हुआ। राउंड क्लास अकादमी की जीत हुई। कर्ण स्टेडियम के हाॅकी कोच बृजभूषण ने बताया कि इस राष्ट्रीय अकादमी प्रतियोगिता में देशभर की बेहतरीन अकादमियों से 32 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। नेशनल अकादमी प्रतियोगिता 23 नवंबर तक आयोजित होगी। जूनियर व सब जूनियर कैटेगरी के चार फाइनल मुकाबले होंगे। विजेता टीम को ट्राॅफी व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन में कोच नवीन व महिला कोच ललिता का सहयोग रहा।
आज होंगे जूनियर वर्ग के छह मुकाबले
ललिता कोच ने बताया कि रविवार को सुबह 6:30 बजे से शाम तक जूनियर वर्ग के छह मुकाबले होंगे। उन्होंने बताया कि इस नेशनल चैंपियनशिप में हाॅकी इंडिया से मान्यता प्राप्त अकादमी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। यह चैंपियनशिप 15 से 23 नवंबर तक रहेगी, इसमें 32 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इस चैंपियनशिप को देखने के लिए लिए कोई शुल्क नहीं है, कोई भी दर्शक इन मैचों को देख सकता है।