संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। क्षेत्र में हाल ही में सामने आई गोकशी की घटना के विरोध में वीरवार को विश्व हिंदू परिषद और गोरक्षक दल के सदस्यों ने रोष मार्च निकाला। हिंदू एकता सम्मेलन के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुबह करीब 11 बजे संगठन के सदस्य डॉ. भीमराव आंबेडकर हर्बल पार्क में एकत्रित हुए जहां बैठक कर गोकशी के मामलों पर सख्त कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गौ माता की जय के नारों के साथ पैदल मार्च निकाला और सिंचाई विभाग के विश्राम गृह पहुंचकर विधायक राम कुमार कश्यप को ज्ञापन सौंपा।
विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक संदीप राणा और संत अनंताचार्य के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें गोकशी के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी इंद्री की सभी गोशालाओं का निरीक्षण बेसहारा पशुओं के संरक्षण के लिए आदेश जारी करना पश्चिमी यमुना नहर व प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना, तथा आरोपियों के पोस्टर जारी कर आमजन को सतर्क करना शामिल है। इसके साथ ही गौचर भूमि को कब्जामुक्त कराने और इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की मांग भी दोहराई गई।
सीएम के समक्ष रखा जाएगा मामला : विधायक
विधायक राम कुमार कश्यप ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि ज्ञापन के माध्यम से गौरक्षा, गौ संरक्षण, गौशाला तथा गाय माता को बचाने से संबंधित सुझाव एवं मांगे हैं, उन सभी मांगो और सुझावों को वे स्वयं मुख्यमंत्री जी से मिलकर उनके संज्ञान में लाएंगे और इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उनका कहना है कि मामले में प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी भी हुई है। घटना के पीछे जिन भी शरारती या असामाजिक तत्वों की साजिश है, उनको बख्शा नहीं जाएगा।
बेसहारा गोवंश को भेज रहे भादसो गोशाला
विधायक ने बताया कि इंद्री में जितने भी बेसहारा गोवंश घूम रहे हैं, उनको पकड़कर भादसो स्थित गौशाला में भेजा जा रहा है और अभी तक 20 से ज्यादा गायों को भेजा जा चुका है। जल्द ही सभी बेसहारा गौवंश को इस गौशाला में पहुंचा दिया जाएगा ताकि उनकी अच्छी तरह से देखभाल हो सके।