कैथल में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका लंबित होने के कारण चयनित होने के बावजूद महीनों से ज्वाइनिंग का इंतजार कर रहे अध्यापकों ने न्यायालय के फैसले के अगले ही दिन ज्वाइन कर लिया। शनिवार को दिनभर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चयनित अध्यापकों एवं प्राध्यापकों की कतारें लगी रहीं। कैथल में चयनित 160 में से 90 अध्यापकों ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है।
प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की कमी के चलते सरकार की ओर से विभिन्न विषयों के अध्यापकों के लिए पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। इनमें से अनेकों विषयों के अध्यापकों के लिए चयनित सूची भी जारी कर दी गई थी। इसमें कई अहम विषयों के अध्यापक भी शामिल थे। लेकिन एक व्यक्ति के न्यायालय में याचिका दायर किए जाने के कारण उनकी ज्वाइनिंग लटक गई थी।
सरकारी नौकरी में चयनित होने के बावजूद ये अध्यापक कई माह से ज्वाइनिंग का इंतजार कर रहे थे। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने सोमवार को याचिकाकर्ता की याचिका को खारिज करते हुए उस पर जुर्माना भी लगाया था। सरकार के हक में फैसला आते ही अध्यापकों में ज्वाइनिंग को लेकर उम्मीद जगी थी। लेकिन यह उम्मीद नहीं थी कि अगले ही दिन ज्वाइनिंग मिल जाएगी।
विभागीय आदेशानुसार शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को ही अनेकों अध्यापकों को ज्वाइन करवा लिया। दिनभर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अध्यापक अपने कागजात लेकर ज्वाइनिंग प्रक्रिया पूरी करते हुए नजर आए।