करनाल। शहर के वार्ड पांच की शुगर मिल कॉलोनी में देर शाम बिजली की हाई वोल्टेज लाइन का तार टूटकर गिर गया। पास में ही बच्चे खेल रहे थे, गनीमत रही कि कोई बच्चा चपेट में नहीं आया। लोगों का आरोप है कि उन्होंने बिजली सुविधा के केंद्र में शिकायत की लेकिन दो घंटे तक कोई भी बिजली कर्मचारी नहीं आया। इस दौरान काॅलोनी और आसपास की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
लोगों का कहना है कि बिजली की यह लाइन तीसरी बार टूटी है। निगम कर्मचारियों की ओर से इस लाइन की सही तरीके से मरम्मत नहीं कराई जा रही इस कारण से बार-बार यह लाइन टूट जाती है। लोगों का आरोप है कि शुगर मिल कॉलोनी की अधिकतर गलियों में बिजली लाइनें ढीली व काफी नीचे है इस कारण किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है। दूसरी ओर गलियां कच्ची होने के कारण बारिश के मौसम में यहां पानी भरने से करंट का डर हर समय सताता है।
मेरठ रोड की शुगर मिल कॉलोनी में बिजली लाइन टूटने की सूचना देरी से मिली। सूचना मिलते ही लाइन को बंद कराया गया और इससे किसी भी तरह के जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस लाइन का बजट पास कराकर नई लाइन में तबदील कराया जाएगा। निगम की टीम की ओर से लाइन को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।
- शिवम बागड़ी, एसडीओ, मेरठ रोड