संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। होली नजदीक आते ही बाजार में खरीदारी जोरों पर है। इस बार खासतौर पर हर्बल गुलाल, गिफ्ट हैम्पर्स और नए ट्रेंडिंग रंगों की बिक्री ने दुकानदारों की चांदी कर दी है।
कर्ण बाजार पूरी तरह रंग-बिरंगा हो चुका है। हर कोई नए तरह के रंगों और गुलाल को लेकर उत्साहित है। हर्बल गुलाल की मांग होने से साथ स्मॉग शॉट लोगों को पसंद आ रही है।
बाजार में भूरा, आसमानी और डार्क ब्लू जैसे अनोखे रंग पहली बार नजर आ रहे हैं, जिनकी काफी मांग बढ़ रही है। साथ ही हाथरस और दिल्ली से आए बैक्टीरिया-फ्री और हर्बल गुलाल भी लोगों को खूब भा रहे हैं। इन गुलालों को खासतौर पर त्वचा के लिए सुरक्षित बनाया गया है, जिससे यह ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। साथ ही सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बार गिफ्ट हैम्पर्स का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है।
लोग सिर्फ रंग और गुलाल नहीं खरीद रहे, बल्कि टोपी, गुलाल, स्मॉग शॉट और अन्य होली उत्पाद वाले तोहफे भी दोस्तों और रिश्तेदारों को दे रहे हैं, जिनकी कीमत 300 रुपये से शुरू होती है। इन पैक्स में टोपी, गुलाल, स्मॉग शॉट और अन्य होली प्रोडक्ट्स शामिल हैं।
गिफ्ट हैम्पर्स की डिमांड इतनी ज्यादा है कि हमने इस बार इन्हें तीन गुना ज्यादा मंगवाया है। दुकानदारों का कहना है कि स्मॉग शॉट यानी रंगीन धुआं छोड़ने वाले प्रोडक्ट भी युवाओं के बीच हिट हो गए हैं।
दुकानदार प्रथम ने बताया कि इस बार हर्बल गुलाल की मांग पिछले साल के मुकाबले लगभग 70 प्रतिशत बढ़ गई है। हमने इस बार हाथरस से गुलाल मंगाया है, जिसकी खास बात यह होती है कि वह पक्का नहीं होता है।
दिल्ली से कर्ण बाजार में स्टॉल लगाने आईं आरती ने बताया कि दो नए प्रोडक्ट की सबसे ज्यादा डिमांड है, रंगीन कैप्सूल और स्मॉग शॉट्स। रंगीन कैप्सूल की डिमांड छोटे बच्चों में ज्यादा है, क्योंकि ये कम कीमत में उपलब्ध हो जाता है। रंगीन कैप्सूल में पानी में डालते ही एक शानदार रंग का मिश्रण तैयार हो जाता है।
दुकानदार विक्रांत ने बताया कि इस बार होली पर तोहफे का ट्रेंड देखने को मिला है। अब लोग गिफ्ट हैम्पर देना पसंद कर रहे हैं जिनमें टोपी, हर्बल गुलाल, स्मॉग शॉट और अन्य छोटे-छोटे होली उत्पाद शामिल हैं।
दुकानदार सुनील ने बताया कि हर साल होली पर बिक्री अच्छी होती थी। इस बार इन दिनों हमने 20 प्रतिशत ज्यादा सामान बेचा है। इसकी वजह नए उत्पाद और सोशल मीडिया का चलन हैं। लोग अब सिर्फ खेलना नहीं, बल्कि अच्छा दिखना और बेहतरीन फोटो-वीडियो भी लेना चाहते हैं।