संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/नीलोखेड़ी। रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है कि मेरी प्रेमिका ने सुसाइड कर लिया था, इसलिए मैं भी जान दे रहा हूं। इसमें किसी का कोई हाथ नहीं है। मेरी गाड़ी और मोबाइल मेरे घरवालों तक पहुंचा देना।
सूचना मिलने पर डायल 112 टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने इसकी सूचना रेलवे पुलिस कुरुक्षेत्र और आरपीएफ करनाल को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक की पहचान मेरठ निवासी अजय शर्मा के रूप में हुई है।
रेलवे पुलिस कुरुक्षेत्र के थाना प्रभारी एसआई बुधराज ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक के दस्तावेजों के आधार पर मृतक की मेरठ निवासी अजय शर्मा (28) के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतक की क्रेटा कार रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी मिली। उन्होंने बताया कि मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसकी जांच की जा रही है।