माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। वैध तरीके से अमेरिका भेज अच्छी नौकरी का झांसा देकर 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी एजेंट ने पूरी रकम लेने के बाद राहड़ा के युवक गोल्डी को डंकी मार्ग से अमेरिका भेज दिया। जहां उसे पुलिस ने पकड़ लिया और छह माह तक जेल में रखा। इसके बाद अमेरिका सरकार ने उसे डिपोर्ट कर दिया। युवक ने आरोप लगाया कि रास्ते में उसके साथ मारपीट करके प्रताड़ित किया गया और भूखा-प्यासा रखा। असंध थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
एसपी को दी शिकायत में राहड़ा गांव के गोल्डी ने बताया कि गांव के ही रामभूल ने उसे झांसा दिया कि वह उसे एक नंबर में अमेरिका भेज देगा और वहां उसे अच्छी नौकरी दिलवाएगा। इसके बदले आरोपी ने 34 लाख रुपये मांगे। उन्होंने 17 मई 2024 को 10 लाख रुपये आरोपी को नकद दिए और बाकी राशि सितंबर माह तक दी। सात सितंबर 2024 को उसे दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई, फिर एम्स्टर्डम और वहां से सूरीनेम भिजवाया गया। वहां से उसे डंकी के जरिये मेक्सिको की दीवार पार करवा अमेरिका पहुंचाया। रास्ते में उसे बार-बार रोका और कई दिन भूखे-प्यासे रखते हुए प्रताड़ित किया। करीब तीन माह बाद जब एक जनवरी को अमेरिका पहुंचा तो उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
रुपयों के लिए बेची जमीन, गहने रखे गिरवी
गोल्डी ने बताया कि 34 लाख रुपयों का इंतजाम करने के लिए उन्होंने जमीन बेची, जेवर गिरवी रखे और ब्याज पर पैसे लिए। उन्होंने बताया कि अमेरिका में रहने वाले उसके चचेरे भाई ने आरोपी द्वारा बताए वकील को 10 लाख रुपये दिए ताकि वह जेल से बाहर आ सके लेकिन आरोपी सिर्फ झूठे दिलासे देता रहा। अमेरिका सरकार ने उसे डिपोर्ट कर दिया और 25 जून को वह भारत लौटा। जब उन्होंने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी भी दी।