करनाल। पश्चिमी यमुना नहर पर काछवा पुल के पास वीरवार सुबह एक युवक ने पहले अपने गले पर चाकू से वार किया फिर नहर में छलांग लगा दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घंटों तलाश के बाद भी युवक का सुराग नहीं मिल सका।
युवक की पहचान महमूदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अभिनव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह बेरोजगार होने के कारण परेशान था।
बताया जा रहा है कि अभिनव सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर काछवा पुल के पास नहर किनारे पहुंचा। वहां एक चाय की टपरी से चाकू उठाया और खुद के गले पर वार किया। इसके बाद वह नहर में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन पानी के तेज बहाव में बह गया। मौके से युवक की बाइक और चाकू बरामद हुआ है। डीएसपी मीना कुमारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि युवक के खुद को नुकसान पहुंचाने के बाद नहर में कूदने की पुष्टि हो चुकी है, फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।
अभिनव के पिता सतपाल ने बताया कि वह बीए पास था लेकिन वर्षों से बेरोजगार था। इसी कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। उन्होंने अंदेशा जताया कि मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या की वजहों की जांच में जुटी है। ब्यूरो