माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रेलवे रोड क्षेत्र में स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर में सोमवार रात ग्राहक बनकर आए एक शातिर चोर को स्टोर स्टाफ ने रंगेहाथों पकड़ लिया। आरोपी स्टोर में सामान्य ग्राहक की तरह दाखिल हुआ, लेकिन अंदर ही अंदर चोरी की नीयत से सामान अपने कपड़ों में छुपाने लगा। पहले से संदिग्ध गतिविधियों के चलते स्टाफ उस पर नजर बनाए हुए था।
आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि वह पहले भी चोरी कर चुका है। उसने बताया कि वह एक महीने के टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गया था और कुछ दिन पहले ही लौटा है। उसने मेरठ रोड स्थित स्टोर से भी चाय पत्ती चोरी करने की बात स्वीकार की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी अश्विनी उर्फ आशु भाटिया निवासी मोतीनगर को गिरफ्तार कर लिया है। स्टाफ के अनुसार वह इससे पहले भी तीन बार इसी स्टोर में चोरी कर चुका था। हर बार वह कपड़ों के नीचे बनाई गई खुफिया जगह में महंगा किराना सामान छुपाकर बाहर निकल जाता था।
सदर चौकी से एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।