- घंटों कतार में खड़े होने के बाद जमीन पर बैठे दिखे बुजुर्ग और महिलाएं, कई निराश लौटे
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) कार्ड वितरण की रोडवेज की व्यवस्था ने जनता को परेशान करना शुरू कर दिया है। कार्ड लेने से पहले लोगों को इंतजार का इम्तिहान देना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि घंटों खड़ा होने के बाद मजबूर बुजुर्ग और महिलाएं जमीन पर ही बैठकर समय बिता रहे हैं।
रोडवेज कार्यालय में बुधवार को भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा दिन कार्यालय के पूछताछ केंद्र के हॉल पर भीड़ रही। सुबह छह बजे से शाम तीन बजे तक सैकड़ों लोगों ने हॉल में दस्तक दी पर अव्यवस्था के कारण कुछ लोग ही कार्ड ले पाए। मजबूरन ज्यादातर लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा।
विदित हो कि प्रदेश सरकार की योजना में हैप्पी कार्ड के जरिये कार्ड धारक परिवार के प्रत्येक सदस्य को एक हजार किलोमीटर की निशुल्क यात्रा रोडवेज बसों में करने का लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से ऐसे परिवारों के कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिनकी आय एक लाख रुपये से कम है।
दो दिन पूर्व प्रदेश स्तरीय हैप्पी कार्ड वितरण समारोह से मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्ड वितरण करने का कार्य शुरू किया था। एक माह में पूरे प्रदेश में 11 लाख कार्ड बांटे जाने हैं। करनाल जिले में भी करीब एक लाख लोगों के कार्ड जारी होने हैं। अभी तक 57703 लोगों के कार्ड बने हैं। ब्यूरो