- एक को खेत में काम कर रहे मजदूरों ने बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। हांसी ब्रांच नहर में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई जबकि उसके साथी को खेत में काम कर रहे मजदूरों ने बचा लिया। किशोर अपने दो दोस्तों के साथ नहाने आया था।
जानकारी के अनुसार रेरकला के डेरा चांदीपुर निवासी शीतल प्रसाद का 14 वर्षीय बेटा मनीष नौवीं कक्षा में पढ़ता था। वह बुधवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ नहाने मूनक हेड व गोशाला बल्ला के बीच हांसी ब्रांच नहर पर आया था। नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने के कारण मनीष व उसका दोस्त वेद डूबने लगे। वेद का छोटा भाई मन्नू नहर की पटरी पर खड़ा यह सब देख रहा था। जब दोनों किशोर डूबने लगे तो नहर की पटरी पर खड़े वेद के छोटे भाई ने चिल्लाना शुरू कर दिया।
आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे मजदूरों ने वेद को डूबने से बचा लिया लेकिन मनीष का पता नहीं चल पाया है। हादसे की खबर मिलने के बाद किशोर के घर में शोक व्याप्त हो गया। मनीष के पिता चांदीपुर डेरा में शिव मंदिर के पुजारी हैं। मनीष बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था।