माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। तीन महीने से हैप्पी कार्ड के रिन्यू होने का इंतजार कर रहे लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यह रिचार्ज होना शुरू हो चुके हैं। नया साल शुरू होने के बाद से हैप्पी कार्ड अपडेट नहीं हो रहे थे। इस कारण योजना के पुराने लाभार्थियों को रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
अब कार्ड जारी हुए की एक साल की अवधि पूरा होते ही फिर से एक हजार किलोमीटर का रिचार्ज हो गया है। दरअसल सरकार ने पिछले साल मार्च में एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों के लिए हरियाणा रोडवेज में निशुल्क यात्रा देने की योजना शुरू की थी। इसके तहत जिले के करीब 1.19 लाख लोगों को अब तक हैप्पी कार्ड बने हैं। इनमें से करीब 40 हजार हैप्पी कार्ड ऐसे हैं, जिनके एक हजार किलोमीटर तक सफर की अवधि 2024 में खत्म हो गई थी।
अब कार्ड धारकों को नया रिचार्ज होने का इंतजार था। इसके अलावा करीब 15 हजार हैप्पी कार्ड ऐसे भी हैं, जो नए बने हैं।
इनके लाभार्थी अभी इन्हें लेने नहीं पहुंचे हैं। बस अड्डा परिसर स्थित कार्यालय में लाभार्थियों के हैप्पी कार्ड रखे हुए हैं।
ये है हैप्पी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया : हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए आवेदक को ा रोडवेज की आधिकारिक वेबसाइट https://ebooking.hrtranspor t.gov.in/ पर जाना होगा। इसके बाद आवेदन को एप्लाई हैप्पी कार्ड के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। फिर इसके बाद परिवार पहचान पत्र का नंबर दर्ज कर कैप्चा कोड भरना होगा। अब आधार कार्ड में रजिस्टर नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज कर सत्यापन करना होगा।
अब अप्लाई पर क्लिक करना होगा। इस प्रकार हैप्पी कार्ड के लिए आपकी आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। आवेदन करने के 15 दिन बाद आप अपने नजदीकी रोडवेज कार्यालय में जाकर हैप्पी कार्ड हासिल कर सकते हैं। यदि किसी लाभार्थी का हैप्पी कार्ड गुम हो जाता है या खराब हो जाता है तो उसे नया कार्ड लेने के लिए 310 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
लाभार्थियों के हैप्पी कार्ड ऑटोमेटिक रिचार्ज होने शुरू हो गए हैं। कार्ड रिचार्ज होने पर लोग अपने कार्ड का प्रयोग कर सकते हैं। आवेदन करने के 15 दिन बाद लोग नजदीकी रोडवेज कार्यालय से कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। -कुलदीप सिंह, जीएम, करनाल डिपो।