- करनाल सहित जिले की पांच अनाज मंडियों में की जाएगी खरीद
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हैफेड अगले सप्ताह से बासमती धान खरीदने के लिए मंडियों में उतरेगा। मार्केट रेट पर बासमती की खरीद की जाएगी, जिससे मंडियों में चावल निर्यातकों, कारोबारियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। जिसका सीधा लाभ बासमती धान उत्पादक किसानों को मिलने की संभावना है।
अनाज मंडियों में अब मोटे धान की आवक काफी घट चुकी है, लेकिन बासमती व उस श्रेणी के बारीक धान की आवक शुरू हो रही है। आगामी एक सप्ताह में ये आवक तेज हो सकती है। जिले में बासमती चावल निर्यात और देशभर की घरेलू बाजार में बारीक व उच्च गुणवत्ता वाले चावल का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है। इस बार मंडियों में हैफेड पूरी तैयारी यानी खरीदारों के माध्यम से बासमती धान की खरीद में उतरने की तैयारी में है। जिसके लिए हैफेड में ऑनलाइन निविदा जारी कर दिए हैं। जो आवेदन आएंगे, उनमें से खरीदार तय किए जाएंगे। हैफेड की मंडियों में उपस्थिति से भले ही ये धान एमएसपी पर नहीं है, लेकिन निर्यातक या चावल कारोबारी मनमानी नहीं कर सकेंगे। प्रतिस्पर्धा अधिक होने के कारण धान के महंगा बिकने की संभावना है।
इन किस्मों का धान खरीदेगा हैफेड
अनाज मंडियों में कई किस्मों का बारीक धान पहुंचता है, लेकिन हैफेड इनमें से शुद्ध बासमती मानी जाने वाली किस्म सीएसआर-30 के अलावा 1121, 1718, पूसा-01 और 1401 आदि बारीक धान की किस्मों को खरीदेगा। जिला प्रबंधक उधम सिंह ने स्पष्ट किया कि हैफेड 1509 धान की खरीदारी नहीं करेगा।
किसे मिलेगा टेंडर
खरीदार का तीन साल का टर्नओवर करीब पांच करोड़ रुपये प्रतिवर्ष के हिसाब से होना चाहिए। जीएसटी, पैन नंबर व टिन नंबर होना चाहिए। इसके साथ-साथ उसका पांच साल का कम से कम कमीशन एजेंट का लाइसेंस भी होना चाहिए।
जिले की पांच मंडियों में बासमती धान खरीदेगा हैफेड
जिले की करनाल अनाज मंडी के साथ-साथ निगदू, नीलोखेड़ी, तरावड़ी व असंध अनाज मंडी में हैफेड की ओर से बासमती धान की खरीदारी की जाएगी। यूं तो पिछले साल भी हैफेड ने बासमती की खरीद की थी, लेकिन खरीदारों के माध्यम से विधिवत खरीद नहीं की थी। पिछले साल एक लाख 74 हजार 680 क्विंटल बासमती धान खरीदा था। इस साल इससे अधिक खरीद होगी। जो भी मंडियों में बाजार भाव होगा, उसी पर बासमती धान खरीदा जाएगा।
- उधम सिंह, जिला प्रबंधक, हैफेड करनाल